ग्रेनो वेस्ट में बनेगा प्रभुपाद विलेज, वर्णाश्रम पर आधारित होगी अनूठी आध्यात्मिक सोसाइटी

ग्रेनो वेस्ट में बनेगा प्रभुपाद विलेज, वर्णाश्रम पर आधारित होगी अनूठी आध्यात्मिक सोसाइटी

ग्रेटर नोएडा। आधुनिक जीवन की भागदौड़, बढ़ते अकेलेपन और प्रकृति से दूर होती जीवनशैली के बीच अन्तर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) के भक्त समाज से जुड़े सदस्य, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-1 में एक अनूठी वैदिक टाउनशिप विकसित कर रहे हैं।

‘प्रभुपाद विलेज’ नाम की परियोजना इस्कॉन के संस्थापकाचार्य श्रीमद् ए.सी. भक्तिवेदान्त स्वामी प्रभुपाद के उस स्वप्न को साकार करने का प्रयास है, जिसमें समाज वैदिक सिद्धान्तों, सादगी, आत्मनिर्भरता और भगवान कृष्ण की भक्ति पर आधारित हो।

यह केवल एक आवासीय परियोजना नहीं, बल्कि वैदिक संस्कृति, आध्यात्मिक शिक्षा, गो-संरक्षण, प्राकृतिक जीवनशैली और सामुदायिक सेवा का एक जीवन्त केन्द्र होगी। यहाँ भक्तों के निवास के साथ-साथ एक ऐसा वातावरण विकसित किया जाएगा, जहाँ जीवन के प्रत्येक चरण को वर्णाश्रम व्यवस्था के अनुरूप व्यवस्थित किया जा सके।

प्रभुपाद विलेज में भव्य श्रीश्री राधा-कृष्ण मन्दिर एवं वैदिक अध्ययन केन्द्र, गुरुकुल (वैदिक विद्यालय), गौशाला, वानप्रस्थ आश्रम, निःशुल्क प्रसाद वितरण केन्द्र (फूड फॉर लाइफ) तथा भक्तों का एक आध्यात्मिक समुदाय विकसित किया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को केवल आधुनिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि चरित्र, संस्कार, करुणा और ईश्वर के प्रति प्रेम का प्रशिक्षण देना है।

वानप्रस्थ आश्रम होगी विशेष पहचान
प्रभुपाद विलेज की सबसे महत्वपूर्ण विशेषताओं में से एक इसका वर्णाश्रम आधारित वानप्रस्थ आश्रम होगा। शास्त्रों के अनुसार जिन भक्तों ने अपने पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन कर लिया है और जो जीवन के उत्तरार्द्ध को भक्ति, साधना और सेवा में समर्पित करना चाहते हैं, उनके लिए यहाँ विशेष आवासीय व्यवस्था की जाएगी। कोई भी व्यक्ति इस परियोजना में जुड़ सकता है।

ऐसी आशा है कि यह परियोजना ग्रेटर नोएडा वेस्ट में वैदिक संस्कृति, आध्यात्मिक शिक्षा, गो-संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक जीवन का एक आदर्श मॉडल बनकर उभरेगी।