तमंचे की बट से किया हमला, बैंक मित्र से पौने दो लाख लूटे

गाजीपुर- गहमर थाना क्षेत्र के बसुका गांव के पास बुधवार की देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे की बट से प्रहार कर एक बैंक मित्र से करीब पौने दो लाख रुपए लूटकर फरार हो गए।घटना के बाद पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घायल बैंक मित्र का निजी चिकित्सालय में उपचार कराया गया।बसुका गांव निवासी अविनाश चौरसिया यूनियन बैंक करहिया शाखा में बैंक मित्र का कार्य करता है।नित्य की भांति वह भदौरा बस स्टैंड के पास स्थित दुकान बंद कर घर जा रहा था। बसुका प्राथमिक विद्यालय के समीप बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर उसकी बाइक को रोक लिया। इसके बाद 2 बदमाशों ने तमंचे की बट से उसके सर के ऊपर हमला कर दिया। इससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। बदमाशों ने उसके रूपए भरे बैग को छीनकर फरार हो गए। पीड़ित ने अपने साथ घटी घटना सूचना पुलिस को दिया। उसने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि बैग में करीब 1 लाख 75 हजार रूपये नगद थे। इसके अलावा 1 मोबाइल,पीओएस मशीन,3 एटीएम कार्ड ,चेक बुक के साथ दैनिक मेंटेनेंस रजिस्टर था।घटना की जानकारी होते ही मौके पर गहमर कोतवाल पवन उपाध्याय वहां पहुंचे और उन्होंने मौका मुआयना करते हुए आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। और कहा कि बदमाशों का जल्द से जल्द पता लगा कर गिरफ्तार कर लिया जायेगा।