लाइलाज नहीं है कैंसर, समय से लें उपचारः तनीषा गुप्ता

लाइलाज नहीं है कैंसर, समय से लें उपचारः तनीषा गुप्ता

कैंसर जागरूकता के लिए अभियान

नोएडा। यदि आप स्वस्थ है तभी आपका परिवार सुरक्षित है। खास कर जब घर की महिलाएं अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होगी तभी वह अपने परिवार की देखभाल सुरक्षित कर पाएंगी। मंगलवार को नोएडा सेक्टर 47 स्थित फायर फ्लाई सरकोमा संस्था ने कनावनी गांव में कैंसर जागरूकता अभियान का आयोजन किया। संस्था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कैंसर के लक्षण, बचाव, एवं उपचार पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए फायर फ्लाई सरकोमा की फाउंडर तनीषा गुप्ता ने बताया कि कैंसर लाइलाज नहीं है। जरूरत है कि हम सभी जागरूक होकर उचित समय पर उपचार ले तो इस गंभीर बीमारी को मात दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज कैंसर जैसी घातक जानलेवा बीमारी सबसे अधिक महिलाओं में देखी जा रही है। खासकर महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। आज की यह जरूरत हो गयी है कि कुछ भी असामान्य दिखने पर हम डॉक्टर से परामर्श ले। शुरुआती दौर में कैंसर का इलाज संभव हो तो हम इस घातक रोग से मुक्ति पा सकते हैं।

फायर फ्लाई सरकोमा द्वारा आयोजित आज के कार्यक्रम में छात्रों ने पोस्टर एवं क्विज के माध्यम से कैंसर से लड़ने का संदेश दिया। वहीं कार्यक्रम के दौरान संस्था के निदेशक चिराग गुप्ता ने कहा कि हमारी संस्था का उद्देश्य लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि कैंसर भारत में मौत का दूसरा सबसे बड़ा कारण है। अगर हम सही खानपान के साथ जागरूक नहीं हुए तो 2030 तक यह और भी खतरनाक स्तर पर पहुंच सकता है।