किसानों ने नारनौंद तहसील में प्रशासन के खिलाफ करी नारेबाजी, मांगें पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की दी चेतावनी

किसानों ने नारनौंद तहसील में प्रशासन के खिलाफ करी नारेबाजी, मांगें पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की दी चेतावनी

8 जुलाई को गैर-भाजपा सांसदों को दिया जाएगा मांगपत्र, युवा किसान नेता नवदीप जलबेड़ा की रिहाई के लिए 17 जुलाई को अम्बाला में एसपी दफ्तर का किया जाएगा घेराव

सितम्बर के पहले सप्ताह में हरियाणा में किसानों-मजदूरों की राष्ट्रीय स्तर की महापंचायत होगी जिसमें देशभर से लाखों किसान शामिल होंगे

आज संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस हिसार में हुई जिसमें मुख्य तौर पर अभिमन्यु कोहाड़, लखविंदर सिंह औलख, राजिंदर सिंह चहल, दशरथ मलिक, हर्षदीप गिल, राजू सहरावत, राजेश किरमारा, अंग्रेज खेरा, जसविंदर ढुल, बलवान लोहान, जंगी लोहान, राममेहर सरपंच, कृष्ण माजरा, जगबीर बेरवाल, ओमप्रकाश मांडी, गुरपिंदर पिंडा, छैलूराम सिंह, कृष्ण मलिक, जगबीर ढंढेरि, आदि ने भाग लिया। किसान नेताओं ने बताया कि 8 जुलाई को देशभर में गैर-भाजपाई 303 सांसदों को मांगपत्र देकर किसानों-मजदूरों की मांगों पर संसद के मानसून सत्र में प्राइवेट बिल पेश करने की मांग करी जाएगी।

किसान नेताओं ने कहा कि यदि विपक्ष के नेता संसद में प्राइवेट बिल नहीं लाएंगे तो फिर यह माना जायेगा कि वे किसानों के मुद्दों पर गम्भीर नहीं हैं। किसान नेताओं ने कहा कि युवा किसान नेता नवदीप जलबेड़ा को हरियाणा पुलिस ने 28 मार्च को गिरफ्तार कर के थर्ड डिग्री का टॉर्चर किया जो किसी भी लोकतांत्रिक देश में स्वीकार्य नहीं है, नवदीप जलबेड़ा की रिहाई के लिए 17 जुलाई को पंजाब-हरियाणा के किसान बड़ी संख्या में इकट्ठे होकर अम्बाला एसपी का घेराव करेंगे।

किसान नेताओं ने बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले 20 जुलाई से हरियाणा में तमाम जिलों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा एवम जिला स्तरीय किसानों-मजदूरों के सम्मेलन आयोजित किये जायेंगे एवम सितम्बर महीने के पहले सप्ताह में राष्ट्रीय स्तर की किसान-मजदूर महापंचायत हरियाणा में आयोजित करी जाएगी जिसमें देशभर से लाखों की संख्या में किसान पहुंचेंगे। आज किसानों ने बड़ी संख्या में नारनौंद तहसील में इकट्ठा होकर नारेबाजी करी और कहा कि बिजली के अघोषित कटों, तहसील स्तर पर व्यापत घूसखोरी से किसानों में भारी नाराजगी है और यदि बिजली के अघोषित कटों एवम तहसील में व्याप्त घूसखोरी पर रोक नहीं लगाई गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।