"लोकल फ़ॉर वोकल" को तरजीह देकर देशी उत्पादों को महत्व दें - नरेश कुच्छल

"लोकल फ़ॉर वोकल" को तरजीह देकर देशी उत्पादों को महत्व दें - नरेश कुच्छल

नोएडा। उत्तरप्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नोएडा इकाई के अध्यक्ष नरेश कुच्छल व चेयरमैन राम अवतार सिंह ने मीडिया को जारी बयान में व्यापारियों सहित आम नागरिकों से आह्वान किया है कि वे इस दीपावली को " लोकल फ़ॉर वोकल" को तरजीह देकर देशी उत्पादों को महत्व दें। उन्होंने जोर देकर कहा कि आम जन मिट्टी और गाय के गोबर से बने दीपक ही खरीदें। लक्ष्मी व गणेश की मूर्ति भी मिट्टी की बनी हो, तो उसे पूजा के लिए इस्तेमाल करें।

अध्यक्ष नरेश कुच्छल ने व्यापारियों से अनुरोध किया है कि दीपावली त्यौहार के मद्देनजर दुकानों के बाहर की जाने वाली साज-सज्जा भीतर तक ही लगाएं जिससे सड़क पर आने-जाने वाले राहगीरों को कोई परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था में शांति भंग न हो।
 उन्होंने जिला प्रशासन व पुलिस विभाग से अनुरोध किया है कि त्योहारों के मद्देनजर व्यापारियों के द्वारा देर तक बाहरी क्षेत्रों से माल लाया जाता है। ऐसे में सुरक्षा दृष्टिकोण से विशेष पुलिस गश्त बढ़ाया जाना चाहिए ताकि उन्हें कोई परेशानी का सामना करना ना पड़े। साथ ही उन्होंने व्यापारियों से अनुरोध किया कि वे  माल की लोडिंग करने तथा माल उतारने के लिए बड़े-बड़े वाहन मुख्य सड़क पर देर तक खड़े न करें,  इससे जाम लगने की संभावना बढ़ जाती है।
 उन्होंने शहर के व्यापारियों की तरफ से कहा की दीपावली रौशनी के महापर्व के साथ आपसी भाईचारा का त्यौहार है। इस मौके पर सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के साथ ही शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस - प्रशासन का पूरा सहयोग  करें।
चेयरमैन राम अवतार सिंह ने बताया कि दीपावली का पर्व सभी पर्वों में एक विशेष स्थान रखता है। हमें अपने पर्वो की परंपराओं को हर स्थिति में सुरक्षित रखना चाहिए। परंपराएं हमें उसके प्रारंभ व उद्देश्य की याद दिलाती है। परंपराएं हमें उस पर्व के आदि काल में पहुंचा देती है, जहां हमें अपनी आदिकालीन संस्कृति का ज्ञान होता है। आज हम अपने त्योहारों को भी आधुनिक सभ्यता का रंग दे कर मनाते हैं, परंतु इससे हमें उसके आदि स्वरूप को बिगाड़ना नहीं चाहिए। हम सब का कर्तव्य है कि हम अपने पर्वों की पवित्रता को बनाए रखें।