अमन सक्सेना के मार्गदर्शन में चमके फर्रुखाबाद के हरिओम शुक्ला
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग में फर्रुखाबाद जिले के लिए गर्व का पल तब आया जब महावीरगंज (नितगंजा) निवासी हरिओम शुक्ला ने ग़ज़ब गाजियाबाद टीम से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया। नोएडा में हुई नीलामी में ग़ज़ब गाजियाबाद ने हरिओम शुक्ला को 40 हजार रुपये में खरीदा था और उन्होंने टीम के भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई।
27 दिसंबर 2025 को खेले गए यूपी कबड्डी लीग के मुकाबले में ग़ज़ब गाजियाबाद ने यमुना योद्धा को 56–28 के बड़े अंतर से पराजित कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस एकतरफा मुकाबले में लेफ्ट कार्नर डिफेंडर हरिओम शुक्ला का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। उन्होंने मजबूत डिफेंस और सटीक रणनीति से विरोधी टीम को लगातार दबाव में रखा।
हरिओम की इस सफलता पर उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग के फाउंडर संभव जैन ने खुलकर बधाई दी. वहीँ लीग के को-ओनर और रूस इंटरनेशनल खिलाड़ी अमन सक्सेना, जो सिखत्तर भंजन के निवासी हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रूस में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, ने कहा कि हरिओम जैसे मेहनती खिलाड़ी ही उत्तर प्रदेश कबड्डी का भविष्य हैं।
हरिओम शुक्ला ने भी बताया कि अमन सक्सेना का उनके करियर में बहुत बड़ा योगदान रहा है और वह हमेशा उन्हें बड़े भाई की तरह मार्गदर्शन और सहयोग देते रहे हैं, चाहे मैदान के अंदर हो या बाहर।
नोएडा में हुई नीलामी के बाद हरिओम के चयन पर जिला क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह यादव और जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव कुलदीप यादव ने फोन पर उन्हें बधाई दी। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी हरिओम का नाम नीलामी में शामिल था, लेकिन इस बार उनकी मेहनत रंग लाई।
हरिओम ने बताया कि वह पिछले नौ वर्षों से कबड्डी खेल रहे हैं और वर्तमान में छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर से एमपीएड की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय पिता के मित्र संजय गुप्ता, चाचा प्रिंस शुक्ला, सचिव कुलदीप यादव और कानपुर विश्वविद्यालय के कोच धर्मेंद्र को दिया, जिन्होंने उन्हें कबड्डी की बारीकियां सिखाईं।
बेटे की इस उपलब्धि से मां कंचन शुक्ला बेहद खुश हैं। वहीं बड़े भाई शिवम शुक्ला ने फोन कर बधाई दी और बड़ी बहन पूर्णिमा शुक्ला भी इस सफलता पर गर्व महसूस कर रही हैं। दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे हरिओम पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
हरिओम शुक्ला का सपना प्रो कबड्डी लीग में खेलना है और जिस तरह से वह यूपी कबड्डी लीग में प्रदर्शन कर रहे हैं, उससे यह सपना साकार होता नजर आ रहा है। ग़ज़ब गाजियाबाद की यह जीत और हरिओम का प्रदर्शन फर्रुखाबाद जिले के लिए गर्व का विषय बन गया है।


