चन्द रूपये के लिए दोस्त ने की थी सब्जी विक्रेता की हत्या
गाजीपुर। जंगीपुर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर 24 घंटा में ही युवक की हत्या की वारदात का पर्दाफाश कर दिया। शुक्रवार को पुलिस आफिस में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी रामबदन सिंह ने अभियुक्तों को मीडिया के समक्ष पेश किया। उन्होंने बताया कि पैसे के लेन-देन में मित्रों ने ही राहुल को मौत के घाट उतारा था।एसपी ने बताया कि बीते गुरुवार की सुबह जंगीपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-1 के नजदीक एनएच-29 के पास गुरुवार की सुबह गेहूं के खेत में सब्जी व्यवसायी युवक का शव खून से लथपथ एक युवक का शव मिला था। युवक के सिर पर चोट के गंभीर निशान थे। बाद में मृतक की पहचान वार्ड नंबर-9 निवासी राधेश्याम कुशवाहा के पुत्र राहुल कुशवाहा (21) के रूप हुई थी। इस मामले में मृतक के पिता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी थी। मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में जुट गई थी। इसी क्रम में घटना के दूसरे दिन 24 घंटा में ही मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे जंगीपुर क्षेत्र के देवकठिया पेट्रोल पम्प के पास थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि फंदे में आए अभियुक्तों में जंगीपुर थाना क्षेत्र के पश्चिम मुहल्ला वार्ड नंबर-4 कस्बा निवासी बनी पांडेय और सरस्वती नगर पुराना गल्ला मंडी कस्बा निवासी गोलू गुप्ता उर्फ अमित कुमार शामिल है। पूछताछ में बनी पांडेय ने बताया कि मैं व मृतक राहुल कुशवाहा आपस में मित्र थे। राहुल कुशवाहा कि बहन की शादी में मैंने 17000 रुपया उधार दिया था। उसके बाद मैं जेल चला गया। जेल से राहुल को जेल में मिलने व उधार लिया गया रुपया वापस करने के लिए संदेश भेजा था, लेकिन राहुल न मुझसे मिलने आया, न ही पैसा वापस किया। तब जेल से छूटने के बाद मैं अपने मित्र गोलू गुप्ता उर्फ अमित कुमार दोनो मिलकर योजना बनाए और राहुल के सिर पर ईंट से वार कर हत्या कर दिया। एसपी ने बताया कि अभियुक्तों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में जंगीपुर एसओ जितेंद्र बहादुर सिंह, स्वाट प्रभारी राकेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विजयकांत द्विवेदी, उपनिरीक्षक अनिल कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक रमेश कुमार पटेल, उपनिरीक्षक अनूप यादव, स्वाट टीम के संजय कुमार पटेल, प्रेमशंकर सिंह, संजय सिंह रजावत, अमित सिंह, संजय प्रसाद, दिनेश कुमार, जंगीपुर थाना के कांस्टेबल प्रशांत यादव और कांस्टेबल अखिलेंद्र प्रताप सिंह शामिल थे।


