अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कैंडल मार्च और हस्ताक्षर अभियान
नई दिल्लीI अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में आज एलपीजी गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में कैंडल मार्च और हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक एवं बीएलए-1, कालकाजी विधानसभा ज्योत्सना गोगिया के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एलपीजी गैस की लगातार बढ़ती कीमतों से सबसे ज्यादा असर देश की महिलाओं और मध्यम तथा गरीब वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है।

ज्योत्सना गोगिया ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन महिलाओं की आवाज को मजबूत करने के लिए यह कैंडल मार्च और हस्ताक्षर अभियान चलाया गया है, ताकि सरकार तक जनता की पीड़ा पहुंचाई जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है और रसोई गैस आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से इस्तीफे की मांग भी की। साथ ही यह भी कहा गया कि सरकार को तुरंत एलपीजी गैस की कीमतों में कमी करनी चाहिए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों लोगों ने हस्ताक्षर कर इस अभियान का समर्थन किया और सरकार से मांग की कि बढ़ती महंगाई पर तुरंत नियंत्रण किया जाए।
अंत में ज्योत्सना गोगिया ने कहा कि जब तक आम जनता को राहत नहीं मिलती, तब तक इस तरह के लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रहेंगे और महिलाओं की आवाज बुलंद की जाती रहेगी।


