ई-बसों के संचालन के लिए रूट निर्धारण से पहले RWAs से सुझाव लेने की मांग - फोनरवा
200 ई-बसों के संचालन से नोएडा की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था होगी और बेहतर
फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) ने नोएडा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 200 नई ई-बसों के संचालन की पहल का स्वागत करते हुए नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) कृष्ण करुणेश का आभार व्यक्त किया है।
ई-बसों के संचालन से नोएडा के विभिन्न सेक्टरों के निवासियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। प्रस्तावित बस सेवा को नोएडा के विभिन्न सेक्टरों के साथ-साथ दिल्ली एवं अन्य प्रमुख स्थानों से जोड़ने की योजना है, जिससे बड़ी संख्या में नागरिकों को लाभ मिल सकता है।
फोनरवा के महासचिव के.के. जैन ने कहा कि ई-बस सेवा का अधिकतम लाभ तभी सुनिश्चित किया जा सकता है, जब इसके रूट एवं बस स्टॉप निर्धारित करते समय नोएडा के निवासियों की वास्तविक आवश्यकताओं और सुझावों को भी ध्यान में रखा जाए।
उन्होंने नोएडा प्राधिकरण के CEO से अनुरोध किया कि ई-बसों के रूट एवं बस स्टॉप को अंतिम रूप देने से पहले फोनरवा के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की जाए। इस बैठक के माध्यम से विभिन्न सेक्टरों की RWAs से प्राप्त सुझावों को प्राधिकरण के समक्ष रखा जा सकता है। निवासियों की भागीदारी से तैयार किए गए रूट अधिक व्यावहारिक होंगे और ई-बस सेवा का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।
फोनरवा के अनुसार रूट निर्धारित करते समय आवासीय सेक्टरों, प्रमुख बाजारों, मेट्रो स्टेशनों, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक क्षेत्रों तथा दिल्ली से जुड़ने वाले प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता के साथ ध्यान में रखा जाना चाहिए।
हम आशा करते हैं कि नोएडा प्राधिकरण इस सुझाव पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए बैठक आयोजित करेगा, ताकि 200 ई-बसों की सेवा को जनोपयोगी, प्रभावी और व्यापक बनाया जा सके।


