जनस्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक पर लगा आरोप, मामले की जांच शुरू
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के जनस्वास्थ्य विभाग के खण्ड-1 के प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक गौरव बंसल के खिलाफ अवैध रूप से फर्जी संगठनों व कबाड़ियों के साथ मिलकर कूड़ा उठाने का आरोप लगा है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष व राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष व दर्जा प्राप्त केन्द्रीय मंत्री डा. लोकेश प्रजापति के नोएडा कैंप कार्यालय प्रभारी जयप्रकाश प्रजापति ने इसकी लिखित शिकायत मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव व नोएडा प्राधिकरण के चेयरमैन मनोज कुमार सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी तथा नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डा. लोकेश एम से की है।

सूत्र बताते हैं कि इस शिकायत पर जांच शुरू हो गई है। यह शिकायत पर मुख्यमंत्री के विशेष सचिव शशांक त्रिपाठी, प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास अवस्थापना, औद्योगिक विकास के संयुक्त सचिव जयवीर सिंह, विशेष सचिव मदन लाल रावत, अनुसचिव निजी सचिव अवनीश कुमार ने अपनी टिप्पणी करते हुए जांच बढ़ाने के निर्देश दिये।
आरोप है कि गौरव बंसल मैसर्स गाइडेड फॉर्च्यून समिति को लाभ दिलाने के लिए उसे कूड़ा उठाने आदि का ठेका दे दिया। जबकि यह समिति एक एनजीओ है तथा इसके निदेशक अभिज्ञानम व पारूल हैं। अभिज्ञानम पहले कबाड़ी काम करते थे। आरोप यह भी है कि गौरब बंसल ने कुछ कबाड़ियों को कूड़ा छंटाई का भी ठेका दिया है। फेज-2 में रोजाना कूड़े के ट्रक खाली करके कूड़ा छंटाई होती है फिर कचड़ा भरकर सेक्टर-150 डंपिंग यार्ड में फेंक दिया जाता है। शिकायती पत्र में इस मामले की जांच कराने की मांग की गई है।
बता दें कि ग्रेटर नोएडा में तैनाती के दौरान गौरव बंसल को एक जमीन घोटाले में निलंबित भी किया गया था। लेकिन दो माह में वे बहाल हो गये तथा नोएडा में पदोन्ति करके उनको अब वरिष्ठ प्रबंधक बना दिया गया। इसके अलावा वे विद्युत यांत्रिकी का भी कार्य देख रहे हैं।


