गार्डेनिया ग्लोरी AOA चुनाव में फर्जी वोटों का आरोप, डीएम ने दिए जांच के आदेश
नोएडा। गार्डेनिया ग्लोरी, सेक्टर-46, नोएडा में हाल ही में हुए अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) चुनाव में निवासियों ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। निवासियों का दावा है कि चुनाव में 100 फर्जी वोट डाले गए, जिसने परिणामों की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। इस मामले की शिकायत गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी (डीएम) से की गई है।
निवासियों ने बताया कि पहले वोटर का बैलट सीरियल नंबर 101 था, जबकि 355 वोटरों की उपस्थिति दर्ज की गई, फिर भी कुल 455 वोट पड़े। इसके अलावा, बैलट पेपर में विजयी पैनल को 1-10 क्रमांक दिए गए, जबकि अन्य उम्मीदवारों को 13-23 क्रमांक देकर भ्रम पैदा किया गया। निवासियों ने Alphabetical order की मांग की थी, जो नजरअंदाज की गई। चुनाव अधिकारी (जिला मत्स्य अधिकारी, श्री आशीष मौर्य) का रवैया पक्षपातपूर्ण रहा, और उनके स्टाफ पर वोटरों को प्रभावित करने का आरोप है। वोटिंग रूम में केवल विजयी पैनल के प्रतिनिधि (FMS के GM) को अनुमति दी गई, जबकि अन्य को रोका गया।
डीएम गौतमबुद्धनगर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम फाइनेंस को निर्देश दिए हैं कि वे चुनाव अधिकारी से सभी रिकॉर्ड मंगाकर जांच करें। डीएम ने श्री आशीष मौर्य के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने और उन्हें भविष्य में किसी भी AOA चुनाव में नियुक्त न करने का आदेश दिया है। डीएम ने कहा, "हर चुनाव में जिला मत्स्य अधिकारी के खिलाफ शिकायतें आती हैं, जो उनकी विश्वसनीयता पर सवाल उठाती हैं।"
गार्डेनिया ग्लोरी के निवासियों का कहना है कि, "हमारी शिकायत का मकसद निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। हम चाहते हैं कि बैलट पेपर की सूची, वोटों की गिनती, और प्रक्रिया की जांच हो।" निवासियों ने मांग की है कि कैमरे में रिकॉर्ड प्रक्रिया, वोटर लिस्ट, और बैलट सीरियल नंबर की जांच की जाए।
गार्डेनिया ग्लोरी के निवासी इस मामले में पूर्ण सहयोग के लिए तैयार हैं और डीएम से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद करते हैं।


