एक छत के नीचे चार पीढ़ियां रहना आज के दौर में अकल्पनीय हैः विजय कौशल
नोएडा। मंगलमय परिवार द्वारा सेक्टर 12 स्थित भाऊराव देवरस स्कूल में कुटुंब प्रमुख सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर चौथी पीढ़ी के बुजुर्गों का फूल-माला एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। यह सम्मान सुप्रसिद्ध कथावाचक विजय कौशल जी महाराज एवं क्षेत्रीय सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा के द्वारा दिया गया है।

समारोह मे नोएडा के 20 उन परिवारो को सम्मानित किया जिनकी चार पीढ़ी एक छत के नीचे एक साथ रह रही है एवम कुटुंब प्रमुख की आयु 80 वर्ष से अधिक है ।
सम्मान समारोह के अवसर पर कथावाचन विजय कौशल जी महाराज ने कहा कि चौथी पीढ़ी के बुजुर्गों का सम्मान करना दुर्लभ संयोग है। उन्होंने कहा कि एक छत के नीचे चार पीढ़ियां रहना आज के युग में अकल्पनीय सा लगता है। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि भारत की संस्कृति को विदेशी ताकत षड्यंत्र के तहत निरंतर मिटाना चाहती है।

विजय कौशल महाराज ने बताया कि परिवार की माताएं बुजुर्गों की इज्जत का उलाहना देकर परिवार को एक सूत्र में बांधने का काम करती चली आ रहीं हैं। आधुनिकता की अंधी दौड़ एवं विदेशी षड्यंत्र ने हमारी संस्कृति को नष्ट एवं भ्रष्ट करने की कुचेष्टा की है, किंतु आज भी हमारी संस्कृति जिंदा है और इसे बर्करार रखने के लिए हमें प्रयत्न भी करने होंगे।

विजय कौशल महाराज ने गुरु नानक जी द्वारा दिए गए सिद्धान्त पर चलने की अपील करते हुए कहा कि संगत और पंगत के सिद्धांत को कभी नहीं छोड़ना चाहिए। यह सिद्धांत परिवार को जोड़ने का काम करता है। अमावस एवं पूर्णिमा के अवसर पर घर में पूजा- पाठ एवं कीर्तन जरूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम देश को तो नहीं बदल सकते लेकिन देश के बिगड़े हालात को बचाया जरूर जा सकता है। उन्होंने इस प्रथम कुटुंब प्रमुख सम्मान समारोह की सराहना करते हुए कहा कि यह परंपरा तेजी से आगे बढ़ानी चाहिए। उनका मानना है कि भौतिक समृद्धि की ओर आगे जरुर बढ़ना चाहिए लेकिन साक्षात धरती के भगवान कहे जाने वाले माता-पिता से दूरी बना लेना गलत ही नहीं पाप है। उन्होंने आह्वान किया समय रहते इस विकृति से बचते हुए इसका इलाज कर लेना चाहिए।

समारोह के मुख्य अतिथि डाक्टर महेश शर्मा, सासंद (गौतमबुद्ध नगर) ने सभी कुटुंब प्रमुख का सम्मान किया।अपने सम्बोधन मे उन्होने सयुंक्त परिवार को आज के समय की आवश्यकता बताया और कहा कि मंगलमय परिवार, नोएडा ने इस आयोजन के द्वारा नोएडा ही नही अपितु पुरे देश को संदेश दिया है कि सयुंक्त परिवार का बहुत महत्व है।

समारोह के अध्यक्ष डाक्टर प्रदीप कुमार जोशी,पूर्व चैयरमैन (यूपीएससी) ने एक छोटी सी घटना जो एकल परिवार मे उनके स्वयं के साथ घटित हुई के द्वारा बताया की एक छोटा बच्चा 8/9 साल का घर पर अकेला मोबाइल पर गेम मे चोर पुलिस का खेल खेल रहा था क्योकि उसके माता पिता दोनो ही घर मे नही थे।उनका प्रशन था कि वो बच्चा जब बड़ा होगा तो समाज मे किस प्रकार से अपना आचरण करेगा।

इस अवसर पर मंगलमय परिवार के अध्यक्ष महेश बाबू गुप्ता, सचिव प्रवीण शर्मा, प्रमोद कुमार शर्मा, परमात्म शरण बंसल, एन के अग्रवाल, नैवेद्य शर्मा, मुकुल बाजपेई, डाक्टर नरेश शर्मा, संदीप अग्रवाल, सत्यनारायण गोयल, अजय अग्रवाल, ओम प्रकाश बंसल,नवीन अग्रवाल, महेन्द्र कुमार शाह एवम नोएडा के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।


