गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में फिलीपींस प्रतिनिधिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में फिलीपींस प्रतिनिधिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में 23 जून 2025 को फिलीपींस के बेंगुएट प्रांत के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीक, युवा विकास, सार्वजनिक स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे विविध क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से की गई।

बैठक की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राणा प्रताप सिंह ने की। उनके साथ विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट की डीन डॉ. इन्दु प्रीति, आईसीटी स्कूल के डीन डॉ. अर्पित भारद्वाज, शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश श्रीवास्तव, डॉ. ममता रानी और डॉ. गौरव कुमार ने भी बैठक में भाग लिया। इस बैठक का समन्वय गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय मामलों के निदेशक डॉ. सी वी शिवसाई द्वारा किया गया।

दोनों पक्षों ने शिक्षा व संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने, छात्र और शिक्षक आदान-प्रदान कार्यक्रमों को प्रारंभ करने और विशेष शैक्षिक परियोजनाओं पर मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की। फिलीपींस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व डॉ. एस्टेला पी. लियोन-कारिनो (डायरेक्टर, डेपेड कोर्डिलेरा एडमिनिस्ट्रेटिव रीजन), डॉ. लोर्ना एम. याको और राचेल ए. कारिनो ने किया।